- Hindi News
- 10 लाख खर्च, फिर भी पानी से भरा ठोडो ग्राउंड
10 लाख खर्च, फिर भी पानी से भरा ठोडो ग्राउंड
भास्कर न्यूज - सोलन
शहर के हर छोटे-बड़े काम आने वाले ठोडो ग्राउंड की हालत खस्ता बनी हुई है। इस ग्राउंड की दशा सुधारने के लिए हाल ही में 10 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। पानी की निकासी के लिए लेबलिंग की गई, लेकिन अब भी बारिश का पानी ग्राउंड में भरा हुआ है। उल्लेखनीय है कि ठोडो ग्राउंड की मरम्मत के लिए शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने 5 लाख रुपए सांसद निधि से दिए थे, जबकि इतनी ही रकम नगर परिषद व जिला प्रशासन की ओर से इसके लिए मंजूर किए गए। पिछले काफी समय से ठोडो ग्राउंड नगर परिषद में विवाद का विषय रहा है। इस मामले को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष व पार्षर्दों के बीच हाउस में कहासुनी भी हुई थी। ग्राउंड की लेबलिंग के काम की गुणवत्ता को लेकर जांच की मांग भी उठी थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राउंड की लेबलिंग का काम पिछले साल अप्रैल में शुरू हुआ। करीब पांच माह का समय ग्राउड की लेबलिंग, ड्रेनेज व आसपास के सौदर्यीकरण में लगा। इसके बावजूद ग्राउंड पानी से भरा है।