भारत निर्माण जन सूचना अभियान की शुरुआत
> स्टॉल लगाकर दी गई योजनाओं की जानकारी
भास्कर न्यूज - बोकारो
पत्र सूचना कार्यालय रांची और भारत सरकार द्वारा आयोजित भारत निर्माण जनसूचना अभियान का रंगारंग शुभारंभ बुधवार को जिले के चास स्थित आईटीआई परिसर में किया गया। इसमें भारत निर्माण के तहत चलायी जा रही फ्लैगशिप योजनाओं मनरेगा, एनआरएचएम, सूचना का अधिकार कानून, खाद्य सुरक्षा कानून, आधार, राष्टीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन आदि के बारे में जानकारी देने के लिए लगभग ३० स्टॉल लगाए गए।
यह कार्यक्रम तीन दिन तक चलेगा। इसका उदघाटन बोकारो के विधायक समरेश सिंह ने किया। इस अवसर पर विधायक सिंह ने कहा कि विज्ञान के इस युग में सूचना का बहुत महत्व है। लोगों को कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ लेने के लिए सूचना से सशक्त होना बहुत जरूरी है ऐसे में भारत सरकार द्वारा चलाये जा रहे भारत निर्माण जन सूचना अभियान का बहुत महत्व है। जिला परिषद के अध्यक्ष मिहिर कुमार सिंह ने कहा कि शासकीय योजनाओं की जानकारी सभी लोगों को लेनी चाहिए। तभी लोग अपने अधिकार को समझ सकेंगे। सूचना से लैस व्यक्ति ही आज की तारीख में आगे बढ़ सकता है। देवेंद्र सिंह मल्लिक, अपर महानिदेशक, पत्र सूचना कार्यालय ने कहा कि लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों का लोग अधिक से अधिक लाभ उठा सके इसके लिए सूचना होनी आवश्यक है। जन सूचना अभियान का आयोजन इसके लिए किया जाता है।
झारखंड में पहला कार्यक्रम बोकारो में हो रहा है। कार्यक्रम में पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक विजय कुमार, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, सहायक निदेशक एसएन मिश्र, डीएफपी के उप निदेशक नीरज पाठक, डीएवीपी के मनोज कुमार, पीआईबी, पटना के सूचना सहायक धर्मेन्द्र कुमार राय, पवन कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे।
कई महकमे ले रहे हिस्सा - तीन दिवसीय कार्यक्रम में सूचना प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की मीडिया इकाइयां विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय डीएवीपी, क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय, गीत एवं नाटक प्रभाग, आकाशवाणी और दूरदर्शन आदि विभाग भाग ले रहें हैं। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा मैजिक शो, क्विज प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चास की छात्राओं ने जन सूचना अभियान से संबंधित विभिन्न नारों वाली तख्तियां लेकर जन जागरूकता रैली निकाली। जन सूचना अभियान के प्रथम दिन मनरेगा और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें वक्ताओं में सहयोगिनी के गौतम सागर और सुमन कुमारी ने अपने विचार रखे।
स्कूली बच्चों ने भाग लेकर कार्यक्रम को बनाया रोचक, मनरेगा, एनआरएचएम, आरटीई आदि की दी गई जानकारी