- Hindi News
- सरकार के नियुक्तिविज्ञापन में अनुबंध कर्मियों की अनदेखी
सरकार के नियुक्तिविज्ञापन में अनुबंध कर्मियों की अनदेखी
भास्कर न्यूज - बोकारो
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला पर्यवेक्षिकाओं की नियुक्ति के लिए निकाले गए विज्ञापन में अनुबंध पर बहाल पर्यवेक्षिकाओं की घोर अनदेखी की गई है। यह कहना है अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला मंत्री सह आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के संरक्षक मनोरंजन कुमार निराला का। उन्होंने कहा कि महासंघ के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार नयन के साथ विभागीय मंत्री और विभागीय प्रधान सचिव की वार्ता में सहमति के बावजूद सरकार ने एकतरफा आदेश निकाला है। सरकार के इस निर्णय से संघ में आक्रोश है। उन्होंने सरकार से मांग किया है कि विभाग में पहले से कार्यरत अनुभवी एवं योग्य महिला पर्यवेक्षिकाओं को पर्यवेक्षिकाओं के रिक्त पदों पर समायोजित किया जाए। अन्यथा राज्य व्यापी आंदोलन होगा। निराला ने कहा कि आंदोलन की रणनीति के लिए 23 जनवरी को गिरिडीह में बैठक होगी।