अब पानी सिर से ऊपर जा रहा : सिंह
भास्कर न्यूज - बोकारो
बीएसएल प्रबंधन विस्थापित, कामगार और सेवानिवृत कर्मियों के शोषण की पराकाष्ठा पार कर रहा है। अब पानी सिर से ऊपर जा रहा है। यही हाल रहा तो बीएसएल सीइओ के आवास को घेरा जाएगा। यह बातें बोकारो विधायक सह क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ के अध्यक्ष समरेश सिंह ने कही। वे संघ की बैठक में बोल रहे थे। विधायक सिंह ने बीएसएल के सेवा निवृत्त कर्मियों को मेडिक्लेम से वंचित रखने का विरोध करते हुए कहा कि बीएसएल प्रबंधन अब लोगों का शोषण करने लगा है। सेवानिवृत्त कर्मियों को आवास रिटेंशन के बदले उनकी ग्रेच्यूटी के १० - १० लाख रुपये बिना ब्याज के रख लिया है। जो श्रम नीति के विरूद्ध है। उन्हें बीजीएच की सुविधा से वंचित किया जा रहा है। अपना पूरा जीवन बीएसएल को समर्पित करने वाले सेवानिवृत्त कामगारों के साथ इतना अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीएसएल प्रबंधन अब किसी को नहीं छोड़ रहा है। विस्थापितों का नामोनिशान मिटा दिया। चतुर्थ वर्गीय आरक्षण समाप्त कर अब चतुर्थ वर्ग को ही समाप्त करने की साजिश कर रहा है।
स्थानीय लोहा व्यवसायियों से पांच प्रतिशत टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि बाहर के व्यवसायियों से मात्र दो प्रतिशत टैक्स
लिया जा रहा है।