- Hindi News
- विशिष्ट योगदान देने वाले कलाकार होंगे सम्मानित
विशिष्ट योगदान देने वाले कलाकार होंगे सम्मानित
जिला प्रशासन ने की गणतंत्र दिवस की तैयारी की समीक्षा
फोटो फाइल संख्या-२३ बोकारो १०९ में।
कैप्शन-बैठक करते उपायुक्त।
भास्कर न्यूज - बोकारो
जिले में कला, संस्कृति, खेल आदि क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले युवक और युवतियों को गणतंत्र दिवस के दिन जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। ऐसे लोगों की सूची बनाने का जिम्मा जिला शिक्षा अधीक्षक को दिया गया है। गुरुवार को उपायुक्त उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस २०१४ की तैयारी से संबंधित बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन सेक्टर १२ में अब तक की गई तैयारी की समीक्षा की गई। उपायुक्त को बताया गया कि मैदान का समतलीकरण, दर्शकों के लिए बैठने हेतु टेंट आदि का इंतजाम और साफ-सफाई का कार्य अभी तक बीएसएल के नगर प्रशासन द्वारा ठीक से नहीं किया गया है। उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन से सहयोग की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह हर हाल में गरिमामय होना चाहिए। तैयारी में किसी तरह की कमी न रहे, इसका ख्याल रखने का आदेश दिया गया। वहीं उपायुक्त ने तैयारी से संबंधित प्रत्येक बिंदु पर चर्चा की। उन्होंने उपविकास आयुक्त श्रीराम तिवारी तथा कार्यपालक दंडाधिकारी महावीर सिंह को अपने स्तर से मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने आयोजन से संबंधित कार्यों को अधिकारियों के बीच बांट कर सामंजस्य स्थापित कर काम करने को कहा। मुख्य समारोह को देखने हेतु दूर-दराज के स्कूली बच्चों को शामिल करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव लोचन तथा जिला परिवहन पदाधिकारी को प्राधिकृत किया गया। आम जन भी इस समारोह को अधिक से अधिक संख्या में देख सकें और अपने गणतंत्र का महत्व समझ सकें, इसके लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार को प्रचार-प्रसार करने का दायित्व सौंपा गया। बैठक में उपायुक्त उमाशंकर सिंह के अलावा पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, डीएसपी मुख्यालय मुकुंद सिंह, डीएसपी ट्रैफिक रवींद्र सिंह, उपविकास आयुक्त श्रीराम तिवारी, कार्यपालक दण्डाधिकारी महावीर सिंह, एसडीओ चास डा. संजय सिंह, डीईओ राजीव लोचन सहित कई पुलिस अधिकारी तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।