- Hindi News
- सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने किया देश को नमन
सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने किया देश को नमन
> प्रतिभाओं का शहर है इस्पात नगरी : अनुतोष मैत्रा
भास्कर न्यूज - बोकारो
65वें गणतंत्र दिवस के पूर्व सेक्टर पांच स्थित बोकारो क्लब के सभागार में आयोजित सांस्कृतिक संध्या पर बोकारो के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य व संगीत के माध्यम से देश को नमन किया। अवसर था बोकारो इस्पात के स्वर्ण जयंती समारोह का। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बोकारो इस्पात के सीईओ अनुतोष मैत्रा, बोकारो महिला समिति की अध्यक्षा मंजुला मैत्रा व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मैत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि बोकारो इस्पात के 50 वर्षों का सफर गौरवमय इतिहास को दिखाता है। इस्पात नगरी प्रतिभाओं से भरी पड़ी है। उन्होंने आशा लता विकलांग केंद्र के बच्चों के प्रतिभा की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि ये बच्चे काफी प्रतिभाशाली है। इन्हें जितना सम्मानित किया जाय कम होगा। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक एसएस दास गुप्ता, ए बंदोपाध्याय, शीतांशु प्रसाद, रवि वर्मा एम आदि उपस्थित थे।
बच्चे हुए सम्मानित : बोकारो इस्पात के सीईओ अनुतोष मैत्रा ने आशा लता विकलांग केंद्र से आये बच्चों के साथ सांस्कृतिक संध्या पर नृत्य व संगीत की प्रस्तुति देने वाले बच्चों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
नृत्य पेश करतीं पेंटिकास्टल स्कूल की बच्चियां।
नृत्य व संगीत से देश को किया नमन
शुक्रवार की संध्या बोकारो क्लब में बोकारो इस्पात संयंत्र के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य व संगीत पेश किया। इसकी शुरुआत आशा लता विकलांग केंद्र की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मां तुझे सलाम, वंदे मातरम् गीत पर आकर्षक भाव नृत्य की प्रस्तुति से हुई। वहीं केंद्र के ही छात्र ने भ्रूण हत्या पर मार्मिक गीत पेश कर सबके दिलों को छू लिया।
दी पेंटिकास्टल स्कूल की छात्राओं ने ओडीसी नृत्य की माध्यम से वंदे मातरम् गीत पर शानदार प्रस्तुति से समारोह की शोभा बढ़ा दी। तो डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर चार की छात्राओं ने शानदार नृत्य से बीएसएल के 50 वर्षों के गौरवमयी इतिहास दिखाया। श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने दुर्गा स्तुति और डीपीएस की छात्राओं ने क्लासिकल डांस तथा जीजीपीएस व संगीत कला एकेडेमी की छात्राओं ने समूह नृत्य पेश कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्वर्ण जयंती वर्ष पर हुआ कार्यक्रम, नृत्य व संगीत से बच्चों ने जीता दिल
गणेश वंदना करते बच्चे।