- Hindi News
- खेलकूद व्यक्तित्व विकास में सहायक : गौतम चौधरी
खेलकूद व्यक्तित्व विकास में सहायक : गौतम चौधरी
भास्कर न्यूज. बोकारो
दिल्ली पब्लिक स्कूल, बोकारो का 26वां वार्षिक खेल दिवस शनिवार को समारोह पूर्वक मनाया गया। डीपीएस सीनियर इकाई में आयोजित खेल दिवस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि बोकारो जिला के प्रधान एवं सत्र न्यायाधीश गौतम कुमार चौधरी ने किया। जबकि डीपीएस प्राइमरी इकाई में आयोजित खेल दिवस का शुभारंभ डीपीएस, बोकारो की निदेशक डा. हेमलता एस मोहन ने किया। मुख्य अतिथि चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद स्पिरिट का विषय है। इसमें भागीदारी करने से जीवन में अनुशासन, मूल्यों का विकास होता है। यह जीवन को लय में बांधने में मदद करता है। खेलकूद के आयाम काफी विस्तृत हैं, यही वजह है कि आज स्कूली जीवन में इसे काफी महत्व मिल रहा है। इस अवसर पर छात्राओं ने बहुत ही सुमधुर स्वागत गान व स्कूल गीत सुनाकर सबका मन जीत लिया। विद्यार्थियों ने ड्रिल की भव्य व मनोहारी प्रस्तुति दी। वहीं गंगा, जमुना, रावी, चिनाव, सतलज व झेलम हाउस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट भी काबिलेतारीफ थे।
डा. हेमलता ने अपने संबोधन में खेलकूद को विद्यार्थी जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि इसमें हार-जीत से ज्यादा प्रतिभागिता का महत्व है। उन्होंने कहा कि खेलकूद में अच्छा करियर, ग्लैमर सब कुछ है। जरूरत है अपनी प्रतिभा व रुचि का आकलन कर आगे बढऩे की। खेल हमें व्यावहारिक रुप से बहुत सी बातें सिखाता है। शरीर, मस्तिष्क व
बुद्धिमता का सुंदर प्रदर्शन खेलकूद स्पद्र्धाओं में देखने को मिलता है जो विद्यार्थियों की प्रतिभा के विकास हेतु जरूरी हैं। उन्होंने खेल प्रतिभाओं के विकास व प्रोत्साहन के लिए डीपीएस सोसाइटी व डीपीएस बोकारो द्वारा उठाये गए विशेष कदम के बारे में भी बताया। उन्होंने ओलंपिक, नेशनल, राज्य स्तरीय खेल स्पर्धाओं में डीपीएस के विद्यार्थियों द्वारा पदक जीतने पर डीपीएस सोसाइटी द्वारा एक करोड़ से लेकर तीन हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
गंगा व सतलज हाउस प्रथम
कई खेल स्पर्धाओं में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर डीपीएस सीनियर इकाई में गंगा हाउस एवं सतलज हाउस को संयुक्त रूप से प्रथम, चिनाव हाउस को द्वितीय व झेलम हाउस को तृतीय स्थान मिला, जबकि प्राइमरी इकाई में रावी हाउस को प्रथम, गंगा हाउस को द्वितीय व चिनाव हाउस को तृतीय स्थान मिला। दिपांश शिक्षा केन्द्र के बच्चों ने भी खेल दिवस में हिस्सा लिया। विजेता बच्चों को चौधरी, डा. हेमलता, उपप्राचार्या परमजीत कौर, हेडमिस्ट्रेस ज्योत्सना रानी मुखर्जी, प्राइमरी इकाई की हेडमिस्ट्रेस प्रतिमा सिन्हा ने पुरस्कृत किया।
> खेल में जीत-हार से अधिक प्रतिभागिता का महत्व : डा. हेमलता
> डीपीएस का 26वां वार्षिक खेल दिवस संपन्न