गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन
भास्कर न्यूज - बोकारो
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर बोकारो स्टील प्लांट द्वारा स्थानीय मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बीएसएल के सीईओ अनुतोष मैत्रा, अधिशासी निदेशक व महाप्रबंधकगण, उप महानिरीक्षक((सीआइएसएफ)) विनयतोष मिश्रा, महिला समिति की अध्यक्ष मंजुला मैत्रा, संयंत्र के अन्य वरीय अधिकारी, बीएसएल द्वारा संचालित ज्ञान ज्योति योजना के तहत अध्यनरत बिरहोर बच्चे, अन्य गणमान्य अतिथि तथा नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मैत्रा ने स्टेडियम में राष्ट्र ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण किया और
सलामी ली।
इस दौरान उनके साथ उप महानिरीक्षक((सीआइएसएफ)) विनयतोष मिश्रा भी उपस्थित थे। परेड में सीआइएसएफ एवं बीएसएल सुरक्षा विभाग के जवान, बीएसएल के अग्निशमन सेवाएं विभाग की टुकड़ी तथा एनसीसी कैडेट्स शामिल थे। अपने संबोधन में मैत्रा ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी तथा सामूहिक प्रयास द्वारा एक बेहतर एवं उज्जवल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।