माडर्न स्कूल ने मनाया स्थापना दिवस
बोकारो - इस्लामपुर स्थित माडर्न पब्लिक स्कूल ने धूमधाम से स्थापना दिवस समारोह मनाया। समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के हेड मास्टर आश मोहम्मद अंसारी ने स्थापना दिवस पर विद्यालय के सभी शिक्षकों सहित छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए शिक्षा के विकास के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही। स्थापना दिवस समारोह में विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य व संगीत की प्रस्तुति से समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने शिक्षा के महत्व पर शानदार नाटक की प्रस्तुति कर सबको अपनी प्रतिभा का परिचय कराया। स्थापना दिवस समारोह में संगीत शिक्षक द्वारा प्रस्तुत गजल तथा प्री नर्सरी एवं नर्सरी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षा व खेलकूद के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जेए मल्लिक, डा. कफील अहमद, महबूब आलम, एमएम हक आदि उपस्थित थीं।