- Hindi News
- कर्मियों की समस्याओं का होगा समाधान : सिंह
कर्मियों की समस्याओं का होगा समाधान : सिंह
> एनएफटीई बीएसएनएल का चौथा परिमंडलीय सम्मेलन
भास्कर न्यूज - बोकारो
बीएसएनएल के नेशनल फेडरेशन ऑफ टेलीकॉम ईम्पलाइज के तत्वाधान में सेक्टर चार स्थित जगन्नाथ मंदिर के गीता भवन में चौथा झारखंड परिमंडलीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन बतौर मुख्य अतिथि सांसद पीएन सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह व झारखंड परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक श्रीलाभ सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान जिप अध्यक्ष सिंह ने कहा कि बीएसएनएल कर्मियों की जो समस्याएं उभर कर सामने आयी हैं, उससे बीएसएनएल के सभी अधिकारी अवगत हुए हैं। उम्मीद है कि वे इसे गंभीरता से लेंगे। इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक श्रीलाभ सिंह ने कहा कि धनबाद मंडल के बीएसएनएल कर्मियों की जो-जो समस्याएं हैं, उनका अतिशीघ्र समाधान किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान जो भी समस्याएं सामने उभरकर आयी है, उन सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। धनबाद दूरसंचार मंडल के महाप्रबंधक सीएम आल्दा ने कहा कि बीएसएनएल कर्मियों की सभी समस्याओं का अतिशीघ्र समाधान करवाया जाएगा। इसके पूर्व एनएफटीई के वक्ताओं ने अपनी-अपनी समस्याओं से अवगत करवाया।
अनुरक्षण के अभाव में आवासों की स्थिति जर्जर
सम्मेलन के दौरान एनएफटीई के नेताओं ने कहा कि सेक्टर पांच में बीएसएनएल की सभी १२१ आवासों की स्थिति जर्जर है। आवासों का अनुरक्षण नहीं होने से हमेशा उसके गिरने का खतरा बना रहता है। सेक्टर चार स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में उप मंडल अभियंता का कार्यालय है। जहां प्रतिदिन सैंकड़ों लोग आते-जाते हैं। लेकिन यहां पर एक शौचालय तक की सुविधा नहीं है। इस मौके पर एनएफटीई के नेशनल जेनरल सेक्रेट्री सी सिंह, एसी द्विवेदी, आरके शर्मा, राजीव कंठ आदि मौजूद थे।