- Hindi News
- संबद्ध डिग्री कॉलेजों की हड़ताल, 11वीं परीक्षा पर संकट
संबद्ध डिग्री कॉलेजों की हड़ताल, 11वीं परीक्षा पर संकट
भास्कर न्यूज - धनबाद
संबद्ध डिग्री कॉलेजों में 16 दिसंबर से हड़ताल जारी है। इससे कॉलेज प्रशासन ने 27 जनवरी से आयोजित 11वीं परीक्षा नहीं लेने की घोषणा कर दी है। परीक्षा नजदीक होने से इन कॉलेजों में प्रति दिन दर्जनों परीक्षार्थी परीक्षा से जुड़ी जानकारी लेने के लिए पहुंच रहे हैं। परीक्षा आयोजित नहीं होने की जानकारी दी जा रही है।
इस संबंध में बुधवार को केएसजीएम कॉलेज निरसा प्रशासन ने डीईओ को परीक्षा आयोजित नहीं कर पाने की जानकारी दे दी है।
मॉक टेस्ट भी नहीं किया गया था आयोजित - संबद्ध डिग्री कॉलेजों में इंटर विज्ञान के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित मॉक टेस्ट भी आयोजित नहीं की गई थी। इन कॉलेजों में नामांकित हजारों परीक्षार्थियों को रिजल्ट सुधारने के लिए आयोजित होने वाले मॉक टेस्ट का लाभ नहीं मिल पाया।
11वीं परीक्षा में शामिल होना जरूरी - जैक ने स्पष्ट कर दिया है कि 11वीं परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले परीक्षार्थियों को वर्ष 2015 में आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे में संबद्ध डिग्री कॉलेजों में 11वीं में नामांकित छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ गई है।
जिले में संचालित हैं सात संबद्ध डिग्री कॉलेज - जिले में कुल सात संबद्ध डिग्री कॉलेज संचालित हंै। इनमें से चार में इंटरमीडिएट की भी पढ़ाई एक साथ ही कराई जाती है। ऐसे में इन कॉलेजों में 11वीं परीक्षा आयोजित हो पाना मुश्किल दिख रहा है।
संबद्ध डिग्री कॉलेजों की हड़ताल पर विभाग की नजर बनी हुई है। 25 जनवरी तक परीक्षा आयोजित करने पर कोई निर्णय नहीं होने की स्थिति में शिक्षा विभाग परीक्षा आयोजित करने की वैकल्पिक व्यवस्था करने के विषय में सोचेगा। 24 जनवरी को जैक के वाइस चेयरमैन धनबाद आ रहे हंै। उनसे भी इस विषय में मार्गदर्शन लिया जाएगा।
डीडी राय, डीईओ धनबाद
संबद्ध डिग्री कॉलेजों ने डीईओ को दी परीक्षा नहीं लेने की लिखित सूचना
11वीं परीक्षा आयोजित करवाना जैक की जिम्मेवारी नहीं है। राज्य भर में प्रश्न पत्र की एकरूपता बनी रहे, इससे जैक सिर्फ 11वीं परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाता है। संबद्ध डिग्री कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा आयोजित करवाने की जिम्मेवारी जिला शिक्षा विभाग की है। सुशील कुमार राय, सचिव जैक रांची