भाजपा के वनभोज में हुआ हंगामा
भास्कर न्यूज - धनबाद
नगर भाजपा की ओर से बुधवार को मेमको मोड़ के पास आयोजित नमो-नमो वनभोज में पार्टी के ही कुछ असंतुष्टों ने खूब हंगामा किया। उनका आरोप था कि नगर अध्यक्ष अमरजीत समर्थकों ने उनकी अनदेखी की। चुनिंदा लोगों को तरजीह दी गई। वनभोज में सांसद पीएन सिंह समेत जिले और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी मौजूद थे। खाने-पीने का दौर चल ही रहा था कि असंतुष्टों ने हंगामा कर दिया। इस मुद्दे पर भाजपा का कोई भी नेता कुछ बोलने को तैयार नहीं है। हंगामा देख सांसद ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों गुटों के समर्थकों को अनुशासन में रहने की नसीहत दी। कहा कि अगर किसी तरह का विवाद था, तो पहले उन्हें बताया जाना चाहिए था। सरेआम हंगामा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धनबाद नगर को छह खंडों में बांटा गया है। असंतुष्टों का आरोप था कि सरायढेला, झाड़ूडीह और मनईटांड के सक्रिय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया। सांसद के सामने अपनी मजबूत स्थिति दिखाने के लिए ही सभी को निमंत्रण नहीं दिया गया। बताया जाता है कि हंगामा करने वालों में सरायढेला, झाड़ूडीह और मनईटांड क्षेत्र के ही कार्यकर्ता शामिल थे। इस संबंध में नगर अध्यक्ष अमरजीत कुमार का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर कई बार रिंग किया गया, पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।
निमंत्रण पत्र नहीं मिलने से थी नाराजगी
अचानक पहुंचे कुछ असंतुष्ट भाजपाइयों ने शुरू कर दिया हंगामा।
वनभोज में भोजन का लुत्फ उठाते सांसद पीएन सिंह और अन्य भाजपाई।
> नगर अध्यक्ष पर असंतुष्टों ने लगाया नजरअंदाज करने का आरोप