डीएसए रेड और टीसीए विजयी
धनबाद - डीएसए रेड और टाटा क्रिकेट एकेडमी ((टीसीए)) ने रामनाथ सिंह मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को अपने मुकाबले जीत लिए।उन्होंने क्रमश: डीएसए ब्लू को 249 और डीएवी बनियाहीर को 131 रनों से हरा दिया। डीएसए रेड ने इस्पात नगर ग्राउंड में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया और निर्धारित 30 ओवरों में 3 विकेट खोकर 327 रन बनाए। राहुल शाश्वत ने धुआंधार 133 और साहिल सोनी ने 85 रनों की पारी खेली।जवाब में डीएसए ब्लू की टीम 19.1 ओवरों में 78 रनों पर ही ढेर हो गई। डीएवी बनियाहीर के खिलाफ मैच में टीसीए ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेटों के नुकसान पर 207 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें सचिन ने 83 और योगेश ने 57 रनों का योगदान दिया। डीएवी की टीम 19 ओवरों में 76 रनों पर ऑलआउट हो गई।