- Hindi News
- तीन ट्रेन डकैत गिरफ्तार, गैंग जीजा साला का
तीन ट्रेन डकैत गिरफ्तार, गैंग जीजा-साला का
भास्कर न्यूज - धनबाद
वाराणसी-रांची इंटरसिटी अप और डाउन ट्रेनों में पिछले दिनों हुई डकैतियों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य कृष्णा सिंह को गुरुवार को खेलारी की राय कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में जीआरपी को उसने गिरोह के कई लोगों के नाम बताए हैं। पड़ताल में पता चला कि डकैतियों के मास्टरमाइंड आपस में जीजा-साला हैं। कृष्णा के खुलासे के बाद रेल पुलिस ने डाल्टनगंज स्टेशन पर छापेमारी कर दिनेश कुमार भुइयां और दिनेश परसिया को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास कट्टा और 3.15 बोर की लोडेड देसी पिस्तौल बरामद की गई। वे वनांचल एक्सप्रेस और इंटरसिटी में डकैती करनेवाले थे।
सीआईसी में सक्रिय हैं पांच गिरोह
एसआरपी के मुताबिक, सीआईसी रेल खंड में डकैतों के चार गिरोह सक्रिय हैं। ये गिरोह डाल्टनगंज, मधुपुर, जसीडीह और साहेबगंज के हैं।
25 दिसंबर और 6 जनवरी को हुई थीं डकैतियां
वाराणसी-रांची एक्सप्रेस में 25 दिसंबर की रात बरवाडीह के पास डकैती हुई थी। फिर 6 जनवरी को रांची-वाराणसी इंटरसिटी में भी बरवाडीह से केचकी स्टेशन के बीच डकैती हुई। एसआरपी प्रशांत कुमार कर्ण के मुताबिक, छानबीन के दौरान प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नाटा डकैत अपने साथियों के साथ मधुपुर और डाल्टनगंज स्टेशनों पर घूमते देखा गया था।
> खेलारी की राय कॉलोनी से एक डकैत पकड़ा गया, उसकी निशानदेही पर डाल्टनगंज से दो अन्य गिरफ्तार, हथियार बरामद