- Hindi News
- नहीं निकलीं गोलियां, दवा कारोबारी कोलकाता रेफर
नहीं निकलीं गोलियां, दवा कारोबारी कोलकाता रेफर
भास्कर न्यूज - धनबाद
जानलेवा हमले में बुधवार की रात जख्मी हुए गंगा मेडिकल हॉल के मालिक पंकज राय के शरीर से अब तक गोलियां नहीं निकाली जा सकी हैं। सेंट्रल अस्पताल के डॉक्टरों ने गुरुवार को उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया। वहां अपोलो अस्पताल में सर्जरी कर गोलियां निकाली जाएंगी।
इधर, पंकज के भाई कल्याण के बयान पर सदर थाने में मामले की एफआईआर दर्ज की गई। कल्याण ने पुलिस को बताया कि उन्हें फोन से पंकज को गोली लगने की जानकारी मिली। पंकज मेडिसिन स्टोर चलाने के अलावा कोयला और जमीन के कारोबार से भी जुड़े हैं। बुधवार रात 8:40 बजे जब वे घर पहुंचे तो पंकज बेहोश जमीन पर पड़े थे। भाई राहुल की मदद से उन्हें सेंट्रल अस्पताल पहुंचाया गया। कल्याण के मुताबिक, पंकज ने उनसे कभी पेशेगत परेशानी शेयर नहीं की। इसलिए उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने हमले के पीछे तीन शूटरों और अन्य अज्ञात को शामिल बताया।
पंकज गोलीकांड - अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज, भाई के बयान से पुलिस को नहीं मिला सुराग
भू-विवाद की जांच शुरू
पुलिस को इस हमले के पीछे जमीन का विवाद दिख रहा है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। वह पंकज की हाल में खरीदी और बेची गई जमीन से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
पुलिस कोलकाता रवाना
घायल पंकज से पूछताछ करने के लिए धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता रवाना हो गई है। देर रात टीम कोलकाता पहुंच जाएगी। स्थिति में सुधार होने पर पुलिस पंकज का बयान लेगी।
हमले की जांच की मांग
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ ने गुरुवार को पंकज पर हमले की निंदा की और कार्रवाई की मांग की। संघ की आपात बैठक मिठु रोड में हुई। बैठक में संघ के अध्यक्ष राजेश दुदानी, जिला चैंबर के अध्यक्ष राजीव शर्मा, महासचिव राजेश गुप्ता, सचिव संजय लोधा, श्याम सुंदर गुप्ता मौजूद थे। राजीव शर्मा ने कहा कि शुक्रवार को चैंबर के सदस्य एसपी से मिल कार्रवाई की मांग करेंगे।