जिला प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था
भास्कर न्यूज - धनबाद
समाहरणालय, प्रखंड व अंचल में 96 प्रतिशत कर्मियों की हड़ताल पर जाने से कामकाज पर असर पड़ रहा है। लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए डीसी प्रशांत कुमार ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। इसके तहत लोगों के अनिवार्य कार्यों का निपटारा किया जाएगा। उपायुक्त के निर्देश पर काम के निपटारे के लिए कार्यालय अधीक्षक अंबिका महथा और जिला कल्याण विभाग के लिपिक नरेश प्रसाद की नियुक्ति की गई है। जब तक कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहती है, तब तक यह वैकल्पिक व्यवस्था चलती रहेगी।
जरूरी काम में समस्या हो, तो अधिकारी से मिलें
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी व्यक्तिका अनिवार्य काम न रुके। अगर किसी व्यक्तिका कोई काम रुकता है, तो वह बेहिचक अधिकारी से मिलकर उनको समस्या से अवगत कराएं। अनिवार्य कार्य में आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र समेत नौकरी संबंधी काम को त्वरित निबटारा होगा। कार्यपालक दंडाधिकारी जगबंधु महथा के मुताबिक अनिवार्य कामों में प्रशासन हरसंभव लोगों की मदद कर रहा है।