- Hindi News
- 55 नए मतदाताओं को डीसी ने सौंपे वोटर आई कार्ड
55 नए मतदाताओं को डीसी ने सौंपे वोटर आई कार्ड
> अधिकारियों ने ली प्रजातंत्र को मजबूत बनाने की शपथ
भास्कर न्यूज. धनबाद
शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की सार्थकता बताने को जिलेभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दिन विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। यह अभियान के रूप में चला। मुख्य समारोह कला भवन में आयोजित किया गया। यहां जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रशांत कुमार ने 55 नए वोटरों को उनके मतदाता पहचान पत्र सौंपे।
उपायुक्त ने इस मौके पर कहा कि हर वयस्क को अपने वोट की ताकत को समझना चाहिए। बहुत सोच-विचार कर अच्छी सरकार चुनने में योगदान करना सबका उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सभी वयस्क को पहचान पत्र सौंपना है। लोगों को भी अपने अधिकार जताकर नाम दर्ज कराना चाहिए। मौके पर उप निर्वाची पदाधिकारी विपिन बिहारी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर बीपीएल दास, कार्यपालक पदाधिकारी जगबंधु महथा समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इसके उपरांत अधिकारियों-कर्मचारियों का शपथ ग्रहण समारोह समाहरणालय सभागार में आयोजित किया गया। यहां आयुक्त प्रशांत कुमार ने सभी को प्रजातांत्रिक मूल्यों के संवद्र्धन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शपथ दिलाई। सभी उपस्थित लोगों ने शपथ लेकर इस दिशा में बेहतर कार्य करने की बात कही। इधर, नए वोटरों को जागरूक करने के उद्देश्य से आईएसएम गेट से गोल्फ ग्राउंड तक रैली निकाली गई। रैली में एनसीसी और बीएसएस बालबाड़ी के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। सभी हाथों में बैनर-पोस्टर लिए वोट की महत्ता बता रहे थे।