पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पांच पुलिस वालों को धक्का देकर वारंटी उपेंद्र हो गया फरार

पांच पुलिस वालों को धक्का देकर वारंटी उपेंद्र हो गया फरार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. धनबाद
पुलिस वाले पांच थे और अकेला था वारंटी उपेंद्र। पुलिस थी हथियार से लैस और वह था निहत्था। पुलिस थी घर को घेरे हुए और वह था कमरे में कैद। बावजूद इसके उपेंद्र पुलिस पर भारी पड़ा। उपेंद्र सिंह अपने न्यू रेलवे कॉलोनी मटकुरिया स्थित आवास से फरार हो गया। यही नहीं, वह जिस अंदाज में पुलिस के सामने से भागा, वह इससे अधिक दिलचस्प है। पुलिस टीम जब घर में उसे पकडऩे पहुंची तो वह नींद में था। उसके चार कुत्ते पहरा दे रहे थे। कुत्तों को सामने देख पुलिस का पसीना छूटने लगा। पुलिस संभली तो कुत्ते डर गए। पुलिस का लक्ष्य सामने था। उपेंद्र को घेर लिया गया, पर उस तक पुलिस पहुंचती, इससे पहले ही वह पांच पुलिस वालों को ढकेलता हुए कमरे से बाहर आ गया। पुलिस ने पीछा किया तो वह उनसे तेज दौड़ा। देखते ही देखते पुलिस की नजरों से दूर हो गया। इस विफलता की कहानी पुलिस टीम ने शनिवार को डीएसपी अमित कुमार को सुनाई। टीम के कुछ सदस्य शर्मिंदा थे, तो कुछ इस घटना को आनंद के रूप में ले रहे थे।

पुलिस टीम को सुकून सिर्फ यही था कि अब उपेंद्र अपने घर नहीं सोएगा।




वारंटियों के खिलाफ चला अभियान

एसपी के निर्देश पर पुलिस वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस उपेंद्र सिंह के घर में छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान उपेंद्र का गुर्गा राजू कुमार पुलिस के हाथ लग गया। राजू कुमार के खिलाफ बैंकमोड़ थाने में रंगदारी मांगने का मामला दर्ज है।

कट्टा के साथ एक गिरफ्तार

बैंकमोड़ पुलिस ने शुक्रवार की रात लोडेड देशी कट्टा के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिसिया पूछताछ में उसने अपना नाम लुटन भुईंया बताया। वह ब्राइट कुसुंडा का रहने वाला है। शुक्रवार की रात को वह बैंकमोड़ की ओर जा रहा था। गश्ती टीम को देख वह मटकुरिया श्मशान के पास रुक गया। संदिग्ध देख पुलिस जब उसके पास पहुंची तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। लुटन के खिलाफ बैंकमोड़, जोगता और केंदुआ थाने में मामला दर्ज है।



पुलिस टीम पर भारी पड़ा एक आरोपी, गुर्गे को पकड़कर थाना खुश