व्यवसायियों ने की डीएसपी से शिकायत
धनबाद . जिला चैंबर ने मधुलिका स्वीट्स के मालिक जेपी चौरसिया को हिरासत में लेकर हवालात में बंद करने पर शनिवार को डीएसपी ((विधि-व्यवस्था)) अमित कुमार के सामने कड़ा विरोध जताया। धनबाद थाना के प्रभारी थानेदार घनश्याम प्रसाद साह ने हजारीबाग के व्यवसायी दिलीप संथालिया की शिकायत पर चौरसिया को पकड़ा था। संथालिया ने कहा था कि चौरसिया की दुकान में मिठाई के वजन में 50 ग्राम की गड़बड़ी की गई थी। चैंबर के प्रतिनिधियों से डीएसपी ने कहा कि प्रभारी थानेदार की कार्रवाई गलत थी। आगे से वे ऐसा नहीं करेंगे। मौके पर चौरसिया ने कहा कि संथालिया का आरोप गलत है। किसी ग्राहक को शिकायत है, तो वे दुकान में चिपकाए गए मोबाइल नंबरों पर या स्थानीय चैंबर के अध्यक्ष से मिलकर शिकायत कर सकते हैं. प्रतिनिधिमंडल में राजीव शर्मा, राजेश गुप्ता, ओम प्रकाश शर्मा, संजय गोयल, लोकेश अग्रवाल आदि शामिल थे।