एनएसयूआई का आज से हस्ताक्षर अभियान
भास्कर न्यूज - धनबाद
भ्रष्टाचार एवं लंबित छह विधेयकों को लोकसभा और राज्यसभा से पारित कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई की ओर से पूरे प्रदेश में मंगलवार से अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के पहले 28 एवं 29 जनवरी को सभी कॉलेज, विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत छात्र, आत्माओं को लंबित बिल के बारे में बताया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड प्रभारी वंदना बेन ने मीडिया को दी। सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रीय सचिव ने बताया कि संसद में जिस लोकपाल को पारित किया गया है। वह पूर्ण नहीं है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी संसद में कह चुके हैं कि लोकपाल विधेयक भ्रष्टाचार से लडऩे के लिए पर्याप्त नहीं है। वंदना ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लडऩे वाले नागरिक की पहचान गुप्त रखना और उसकी सुरक्षा प्रदान करना, न्यायिक मानक और जबावदेही विधेयक, नागरिक शिकायत निवारण विधेयक, भ्रष्टाचार की रोकथाम विधेयक, सार्वजनिक खरीद विधेयक और अंतर्राष्ट्रीय लोक संस्थान विधेयक अब तक लंबित है। इनमें से चार बिल लोकसभा और दो राज्यसभा में लंबित है। एनएसयूआई ने बिन विधेयकों को पास कराने का बीड़ा उठाया है।
हस्ताक्षर अभियान के बाद 30 जनवरी को एक दिवसीय धरना दिया जाएगा और उसके बाद एनएसयूआई की ओर से सभी सांसद को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, योगेन्द्र सिंह योगी और एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष कुमार गौरब मौजूद थे।