किराया वृद्धि के खिलाफ अनशन खत्म
धनबाद - ऑटो किराया में वृद्धि और लोकल भाड़ा पांच रुपए किए जाने के विरोध में तीन दिनों से रणधीर वर्मा चौक पर जारी आमरण अनशन मंगलवार को धनबाद के अंचलाधिकारी अनुराग तिवारी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। अंचलाधिकारी ने अनशनकारियों को आश्वासन दिया है कि धनबाद महोत्सव के संपन्न होने के बाद ऑटो यूनियन, राजनीतिक दलों और अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर नए सिरे से किराया का निर्धारण किया जाएगा। इस के बाद अनशनकारियों ने अनशन स्थगित कर दिया।
किराया वृद्धि के विरोध में 26 जनवरी से विभिन्न दलों के लोगों ने अनशन शुरू किया था। अनशन करने वालों में आजसू पार्टी के रतिलाल महतो, राजीव सिंह, भाजपा के अमित सिंह, जेवीएम के राकेश पांडेय और आप के संजय जायसवाल शामिल थे।