पहले महिला को ठगा फिर कहा - सतर्क रहें
भास्कर न्यूज - धनबाद
पहले नौकरी और उसके बाद महंगे गिफ्ट का लालच देकर ठगों ने एक महिला से 8222 रुपए ऐंठ लिए। बाद में जब भुक्तभोगी महिला ने उसके नंबरों पर संपर्क कर पूछा, तो ठग उसे नसीहत भी देने लगा। ठग का कहना था कि चोर बताकर थोड़े न चोरी करता है, लोगों को स्वयं सतर्क करना चाहिए। सतर्क नहीं रहोगी, तो नुकसान उठाना ही पड़ेगा। आगे से ऐसे लालच में मत फंसना। भुक्तभोगी महिला महावीर कॉलोनी मटकुरिया की रहने वाली है। घरवालों के डर से उसने शिकायत किसी थाने में नहीं की।
ऐसे हुई ठगी
नौकरी के लिए निकाले गए एक विज्ञापन को देखकर महिला ने उसमें दिए गए नंबर 08651025774, 08757893285 पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम लक्ष्मण सिंह बताया और महिला को पहले इस बात के लिए आश्वस्त किया कि उसे नौकरी मिल जाएगी। उसने महिला को अपने मोबाइल नंबर पर 222 रुपए का रिचार्ज कराने का कहा। महिला ने उसके नंबर पर रिचार्ज करवा दिया।
दो दिन बाद फिर से महिला को कॉल आया। कॉल करने वालों ने बताया कि धनबाद पोस्टऑफिस में उसके लिए गिफ्ट भेजा गया है, जिसे वो पोस्टऑफिस में 8000 रुपए जमा कर उठा लें। उसने बताया कि गिफ्ट में लैपटॉप, मोबाइल सेट और ज्वाइनिंग लेटर भी है। महिला ने कोर्ट मोड़ स्थित हेड पोस्टऑफिस में पैसे देकर गिफ्ट पैक रिसीव कर लिया। खोलकर देखा तो सिर्फ पाउडर के कुछ पैकेट थे।
पैकेट खोलते ही अवाक रह गई
महिला कहती हैं कि पोस्टऑफिस से अपनी बेटी के साथ सीधे घर चली आई। घर में पैकेट खोला, तो उसमें पाउडर के कुछ पाउच भरे हुए थे। इसके बाद जब मैंने दोबारा उस नंबर पर फोन किया। पहले नंबर पर कॉल किया, तो नाम सुनते ही उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। दूसरे नंबर को मिलाया तो बात हुई। पहले तो वह मुकरने लगा। बाद में कहा- तुम ठगी गई हो। उसने कहा- तुम्हें स्वयं सतर्क रहना चाहिए। चोर बताकर थोड़े न चोरी करता है। अब तो चोरी हो गई। पुलिस के पास जाओ या जज के पास। कोई हमें पकड़ नहीं पाएगा। आगे से सतर्क रहना।
पोस्टऑफिस कर्मियों ने भी किया था आगाह
गिफ्ट पैकेट रिसीव करने हेड पोस्टऑफिस पहुंची महिला को वहां के कर्मियों ने भी आगाह किया था। कर्मियों ने महिला को बताया भी कि पैकेट से वजन से नहीं लग रहा कि इसमें लैपटॉप होगा, लेकिन ठगों ने गिफ्ट के साथ ज्वानिंग लेटर भेजने की बात भी कही थी। नतीजा, महिला ने कर्मियों की सलाह को भी नजरअंदाज कर दिया।
बिहार-झारखंड के हैं दोनों नंबर
जिन दोनों नंबरों से महिला को ठगा गया है, वो बिहार झारखंड के हैं। इसमें एक नंबर ((08757893285)) अब भी चालू है। भास्कर टीम ने भी इस नंबर पर बात की। बातचीत के दौरान बात करने वाले व्यक्ति ने अपना पता एसजीपी, मैनपुरी, वेस्ट बंगाल बताया। उसने बताया कि इस नंबर से किसी के साथ ठगी नहीं की गई है।