धूमधाम से मनेगी मंदिर की पहली वर्षगांठ
कतरास - शहर में छह दिसंबर से लागू धारा १४४ को देखते हुए सूर्य मंदिर समिति ने अनुमंडल पदाधिकारी धनबाद से शोभा यात्रा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग के लिए अनुमति प्राप्त कर ली है। गुरुवार को सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उक्त जानकारी देते हुए समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सूर्य मंदिर की पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जाएगी। समिति के विजय कुमार झा व रामअवतार खेमका ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन २ फरवरी रविवार को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा नर्मदेश्वर मंदिर परिसर से निकलेगी, जो पूरे शहर का भ्रमण करते हुए सूर्य मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। तदुपरांत श्रीश्री सूर्य नारायण महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। छह फरवरी को भगवान भास्कर के जन्मोत्सव बेला में भव्य, पूजन, पाठ आदित्य हृदय श्रोत का पाठ के पश्चात पूर्णाहुति किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण व भंडारा का आयोजन किया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम यज्ञकर्ता आचार्य दिलीप शास्त्री की देखरेख में संपन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय संत बाबा श्रीराम मुकुंद दासजी महाराज प्रवचन प्रस्तुत करेंगे। पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन शाम छह बजे से कथा व प्रवचन का आयोजन होगा। प्रेस वार्ता के मौके पर श्यामाकांत गुप्ता, किशोरी गुप्ता, राजवीर सिंह, वासुदेव विश्वकर्मा, रामदास सिंह, कृष्ण प्रसाद गुप्ता, मुकेश सिंह आदि मौजूद थे।