पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • संबद्ध बीएड कॉलेजों में नामांकन की जांच शुरू

संबद्ध बीएड कॉलेजों में नामांकन की जांच शुरू

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
> तीन दिनों में कमेटी को सौंपनी है रिपोर्ट
अखिलेश कुमार - धनबाद
विनोबा भावे विश्वविद्यालय की तीन सदस्यीय कमेटी ने संबद्ध बीएड कॉलेजों में सत्र 2012-13 में हुए नामांकनों की जांच गुरुवार को शुरू कर दी है। जांच टीम में सोशल साइंस के डीन डॉ आरसी प्रसाद, पूर्व रजिस्ट्रार डॉ ईएन सिद्दीकी और प्रो अजय शर्मा शामिल हैं। टीम को तीन दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। विवि के तहत 28 संबद्ध बीएड कॉलेज संचालित हैं, जिनमें हुए नामांकन की जांच की जानी है।
जांच की वजह से स्थगित हुई परीक्षा
जांच की वजह से बीएड के सत्र 2012-13 की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। पहले 17 जनवरी से परीक्षाएं शुरू होनी थी। विवि प्रशासन को कई स्रोतों से नामांकन में धांधली की सूचना मिली थी। विवि प्रशासन ने मामले की जांच कराने का निर्णय लिया। अब जांच पूरी होने के बाद ही परीक्षाएं ली जाएंगी।



फरवरी में होगी परीक्षा

नामांकन में गड़बड़ी की सूचना से परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद परीक्षा की तिथियां तय की जाएंगी। फरवरी में बीएड की परीक्षा शुरू हो जाएगी। - डॉ एएम सिद्दीकी, परीक्षा नियंत्रक, विभावि

संबद्ध बीएड कॉलेजों में हुए नामांकन की जांच शुरू कर दी गई है। कुल 28 कॉलेजों की जांच करनी है। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी पकड़ी गई है। जल्द ही रिपोर्ट विवि प्रशासन को सौंप दी जाएगी। - डॉ आरसी प्रसाद, डीन, सोशल साइंस

अंगीभूत कॉलेजों में जांच नहीं

सत्र 2012-13 में अंगीभूत कॉलेजों में बीएड में नामांकन विवि स्तर पर हुए हैं। इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन कॉलेजों को जांच के दायरे से अलग रखा है।

सीटों से ज्यादा हुए नामांकन

विवि प्रशासन को मिली शिकायत के अनुसार, संबद्ध बीएड कॉलेजों में किसी खास विषय में निर्धारित सीटों से अधिक नामांकन ले लिए गए।जांच टीम ने इसी एक प्वाइंट पर जांच शुरू की है।

विवि प्रशासन के अनुसार, नामांकन की जांच के वजह से सत्र 2012-13 की प्रस्तावित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। जनवरी तक जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद बीएड परीक्षा फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह से शुरू की जाएगी।

विवि प्रशासन ने हर सत्र में बीएड की 100 सीटों के लिए विषयवार कोटा तय किया है।भाषाई विषयों के लिए 25 सीटें तय हैं, जिनमें हिंदी के लिए 10, अंग्रेजी के लिए 10, संस्कृत के लिए 2, उर्दू के लिए 1 और क्षेत्रीय भाषा के लिए 2 सीटें हैं।कला विषयों के लिए कुल 35 सीटें हैं। इनमें हिस्ट्री के लिए 10, जियोग्राफी के लिए 10, इकोनॉमिक्स के लिए 5, सिविक्स के लिए 5, कॉमर्स के लिए 3, होम साइंस के लिए 2 सीटें निर्धारित हैं। विज्ञान विषयों की 40 सीटों में से फिजिक्स के लिए 10, केमिस्ट्री के लिए 10, बॉटनी के लिए 5, जूलॉजी के लिए 5, मैथ्स के लिए 10 सीटें निर्धारित की गई हैं।

हर विषय के लिए निर्धारित हैं सीटें

विनोबा भावे विश्वविद्यालय प्रशासन ने बनाई तीन सदस्यीय कमेटी