संजय सिंह हत्याकांड में रविशंकर हाजिर
धनबाद - कोयला व्यवसायी संजय सिंह की हत्या के मामले में आरोपी रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू सिंह गुरुवार को एडीजे अशोक कुमार पाठक की अदालत में हाजिर हुए। 27 मई 1996 को एसपी आवास के सामने कोयला व्यवसायी संजय सिंह को गोली मारी गई थी। संजय सिंह अपने संबंधी सुरेश सिंह एवं रविशंकर सिंह के साथ अशोक जैन से मिलने जा रहे थे। इस मामले में संजय सिंह के बहनोई कृष्णा सिंह के बयान पर धनबाद थाने में सुरेश सिंह एवं रवि शंकर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। कृष्णा सिंह ने पुलिस में बयान दिया था कि 27 मई को सुरेश सिंह अपने मारूति वैन से संजय के निवास पर आए थे। सुरेश के कहने पर संजय सिंह मारूति में बैठे थे। कृष्णा सिंह ने यह भी कहा था कि सुरेश सिंह ने ही संजय को गोली मारी थी। बाद में इसकी जांच सीआईडी से कराई गई थी। इसमें सीआईडी ने रामधीर सिंह सहित अन्य को आरोपी बनाया था। संजय सिंह की हत्या के मामले में दो चार्जशीट अदालत में दाखिल की गई है। एक चार्जशीट पुलिस ने तथा दूसरा चार्जशीट सीआईडी ने दाखिल की है।
अभियोजक ने आरोप गठन करने का किया अनुरोध
संजय सिंह की हत्या को 17 वर्ष बीत गए। इस मामले में ट्रायल शुरू नहीं हुआ है। अपर लोक अभियोजक सुरेश यादव ने अदालत से अनुरोध किया कि सुनवाई आगे बढ़ाई जाए। 17 वर्ष बाद भी संजय सिंह की हत्या की सुनवाई आरोप गठन से आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने अगली तिथि को आरोप मुक्त आवेदन दाखिल करने की बात कही। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तिथि 11 फरवरी 2014 मुकर्रर की है।