अफगानी छात्रों का बीई कोर्स जुलाई से
भास्कर न्यूज - धनबाद
इंडियन स्कूल ऑफ माइंस ((आईएसएम)) की ओर से अफगानिस्तान के छात्रों के लिए जुलाई के तीसरे सप्ताह से बीई कोर्स शुरू किया जाएगा। हालांकि इससे पहले इन्हें फाउंडेशन कोर्स कराया जाएगा। इस दौरान छह माह में तीन-तीन माह का दो सेमेस्टर चलाए जाएंगे। इस दौरान अफगानी छात्रों को फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ के साथ-साथ अंग्रेजी पढ़ाई जाएगी। अफगानी छात्र अंग्रेजी में काफी कमजोर हैं। आईएसएम के रजिस्ट्रार कर्नल एमके सिंह ने बताया कि अफगानी छात्रों के लिए अंबर हॉस्टल का एक फ्लोर अलॉट कर दिया गया है। दरअसल, अफगानी छात्रों का नामांकन आईआईटी प्रवेश परीक्षा से नहीं हुई है। इस वजह से उन्हें बीटेक की जगह बीई की डिग्री दी जाएगी।
पहले चरण में होगी बेसिक की पढ़ाई - अफगानिस्तान के छात्रों को पहले चरण में फाउंडेशन कोर्स का सिलेबस प्रिपरेटरी कोर्स के तर्ज पर तैयार किया गया है। इन्हें इंटेसिव कोर्स कराया जाएगा, जिसमें तीन-तीन माह का दो सेमेस्टर संचालित किए जाएंगे। इस दौरान छात्रों को छुट्टी नहीं दी जाएगी। प्रत्येक दिन पांच से छह कक्षाएं कराई जाएंगी। प्रत्येक कक्षा 55 से 60 मिनट की होगी।