पुण्यतिथि पर याद किए गए बापू
भास्कर न्यूज - धनबाद
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि गुरुवार को पूरे जिले में मनाई गई। जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। शहर में मुख्य कार्यक्रम मिश्रित भवन स्थित गांधी चौक पर आयोजित किया गया था, जहां पशुपालन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मन्नान मल्लिक और उपायुक्त प्रशांत कुमार ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गांधी चौक के बाद गांधी सेवा सदन में भी मंत्री मन्नान मल्लिक, उपायुक्त प्रशांत कुमार ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि देने वालों में डीडीसी दिनेश चंद्र मिश्र, एडीएम बीपीएल दास समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। श्रद्धांजलि देने के बाद सभी संस्कार भारती द्वारा आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुए। संस्कार भारती के सदस्यों ने गांधीजी के सबसे प्रिय गीत ‘रघु पति राघव राजा राम’ का गायन किया।