पॉकेटमार को संदिग्ध डकैतों ने पकड़ा
धनबाद - एक अपराधी की मंशा को अपराधी ने ही विफल कर दिया। यह हुआ गुरुवार को सदर थाने में। हुआ कुछ यूं कि पुलिस ने रेलवे कर्मी मनोज कुमार की पॉकेटमारी करते हुए पांडरपाला निवासी सरवर को रंगेहाथों पकड़ा। उसे थाने के जिस कमरे में बंद किया गया, उसमें पहले से दो संदिग्ध डकैत बंद थे। कुछ देर बाद सरवर ने कमरे की टूटी खिड़की से भागने की कोशिश शुरू कर दी। उसने अपना आधा शरीर खिड़की से बाहर निकाला ही था कि पहले से बंद संदिग्ध दोनों डकैतों ने उसे पकड़ लिया। दोनों शोर मचाने लगे। शोर सुनकर पुलिस वहां पहुंच गई और सरवर की मंशा को विफल कर दिया। संदिग्ध डकैतों का कहना था कि उन्होंने पुलिस को मदद की।
अगर सरवर भाग जाता तो पुलिस उनसे पूछताछ करती। सदर पुलिस ने शाम को सरवर को थाने से छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ भुक्तभोगी ने लिखित शिकायत नहीं दी। बिना शिकायत वह उसे जेल नहीं भेज सकते थे।