- Hindi News
- ईडी ने जब्त की पुनमिया और बस्तावड़े की जमीन
ईडी ने जब्त की पुनमिया और बस्तावड़े की जमीन
भास्कर न्यूज - जमशेदपुर
ऑटो से पहुंचे ईडी अधिकारियों ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के सहयोगी मनोज पुनमिया और अनिल बस्तावड़े की जमशेदपुर की अचल संपत्ति को अपने अधिकार में ले लिया। बिष्टुपुर के कांट्रेक्टर एरिया में शॉपिंग मॉल के लिए प्रस्तावित भूखंड पर लगे बोर्ड पर प्रवर्तन निदेशालय के सहायक निदेशक एके सिन्हा के हस्ताक्षर से इसकी नोटिस लगा दी गई। बर्मामाइंस में बीओसी कंपनी के ठीक बगल में भी विशाल भूखंड को अपने अधिकार में लेने का अधिकारियों ने बोर्ड लगाया। फिलहाल उस भूखंड पर जेम्को और तार कंपनी के कर्मचारियों के 82 क्वार्टर हैं।
जमीन बिक्री, दान देने ,बंधक रखने पर लगी रोक : प्रवर्तन निदेशालय के रांची सब जोनल ऑफिस के सहायक निदेशक एके सिन्हा और हरिशचंद्र बुधवार की दोपहर 12 बजे कांट्रेक्टर एरिया पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के सहयोगी मनोज पुनमिया की 1.89 एकड़ जमीन की चहारदीवारी के मुख्य गेट को खुलवाया। यहां सिन्हा ने अपना परिचय देते हुए कहा कि अब यह जमीन सरकार की हो गई है।