पोटका बीपीओ को शोकॉज, जुर्माना
भास्कर न्यूज - जमशेदपुर
डीसी डॉ अमिताभ कौशल ने बुधवार को पोटका प्रखंड में चल रही विभिन्न योजनाओं, स्वास्थ्य केंद्र तथा थाना का निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के डीसी पूर्वाह्न 11.30 बजे पोटका प्रखंड कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रखंड कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
डीसी ने डॉ पूनम मेहता से स्वास्थ्य केंद्र में बारे में जानकारी ली। इसके अलावा ओपीडी, प्रसूति विभाग व पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। डॉ कौशल ने पोटका थाना का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वे पोड़ाडीह में मनरेगा योजना के तहत बन रहे तालाब का निरीक्षण करने पहुंचे। तालाब के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मास्टर रोल और मजदूरों के बारे में पूछताछ की, तो रोजगार सेवक जानकारी नहीं दे पाए। डीसी ने बीपीओ ((प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी)) माला कुमार व रोजगार सेवक गणेश सरदार को लापरवाही बरतने के मामले में शोकॉज नोटिस जारी करने और उनसे एक-एक हजार रुपए आर्थिक दंड वसूलने का आदेश दिया। इसके अलावा बीडीओ पायल राज को कार्य प्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। तालाब का निरीक्षण के बाद डीसी ने दानीसाई स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन व छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली।