- Hindi News
- अपने आवास पर मां पत्नी, बेटियों व परिवार के सदस्यों के साथ सुधीर महतो। फाइल फोटो
अपने आवास पर मां-पत्नी, बेटियों व परिवार के सदस्यों के साथ सुधीर महतो। फाइल फोटो
भास्कर न्यूज - जमशेदपुर
पूर्व डिप्टी सीएम सुधीर महतो के निधन की खबर सुनते ही कदमा के उलियान स्थित उनके आवास के आसपास लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विधायक बन्ना गुप्ता उनके आवास में प्रवेश कर रहे थे कि वफादार नौकर बहादुर ने उन्हें रोक दिया। सूचना दी कि परिवार वालों को नहीं बताया गया है। बन्ना गुप्ता के कदम ठिठक गए।धीरे-धीरे घर से थोड़ी दूरी पर लोग जुटते जा रहे थे। लोगों को घर के पास जमा होते देख उनकी बेटी स्नेहा बालकनी में निकलीं। बिटिया ने पूछा, बताइए न क्या बात है। आपलोग यहां क्यों आए हैं। लेकिन सबकी जुबां बंद थीं। लोग उनकी पत्नी सबिता महतो को यह सूचना नहीं देना चाहते थे कि उनका सुहाग उजड़ गया। डर था कि वे बेहोश हो जाएंगी। सबको मालूम था कि किसी भी दुखद घटना की सूचना पर वे बेहोश हो जाती हैं। यहां तो उनकी मांग का सिंदूर ही उजड़ गया था। सुधीर महतो के कई रिश्तेदार उनके घर के आसपास रहते हैं। टेलीविजन पर कहीं उनकी पत्नी को सुधीर महतो के निधन की सूचना नहीं मिल जाए, यह सोच कर युवकों ने केबुल कनेक्शन काट दिया। सुधीर महतो की बहन भी रात में आई। सुधीर महतो की पत्नी को बताया गया कि सुधीर महतो की तबियत खराब है। ठीक हो जाएंगे। रिश्तेदारों को भी समझ में नहीं आ रहा था कि सबिता महतो को हकीकत कैसे बताई जाए। इस दौरान बन्ना गुप्ता उलियान के लोगों के साथ बैठे रहे। इसी बीच सूचना आई कि सुधीर दा का शव टीएमएच आ रहा है। बन्ना गुप्ता के साथ उलियान से सैकड़ों लोग टीएमएच की ओर बढ़ चले। देर रात लगभग १.३० बजे पत्नी सबिता को उनके निधन की जानकारी दी गई।