- Hindi News
- स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास : डॉ. अजय
स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास : डॉ. अजय
जमशेदपुर - स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। अगर, शरीर स्वस्थ नहीं होगा, तो आप मानसिक रूप से भी स्वस्थ नहीं रह सकेंगे। यह बातें सांसद डॉ. अजय कुमार ने कहीं। वे राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में नरचर संस्था, मानगो की ओर से शुक्रवार को जयपाल सिंह स्टेडियम, करनडीह में आयोजित स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम सह बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के दिलीप जायसवाल और लक्ष्मी देवगम ने किया। संस्था की अध्यक्ष जानकी दुबे ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरुकता लाना है। उन्होंने बताया कि नरचर संस्था दिल्ली की क्रिया संस्था के सहयोग से ‘यह मेरा शरीर है’ के नाम से एक अभियान करनडीह प्रखंड के पांच गांवों में चला रही है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम को सांसद ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर परसुडीह के थाना प्रभारी राधारमण सिंह, घाघीडीह की मुखिया कानू मुर्मू, मनोज कुमार, ब्रजेश दुबे आदि उपस्थित थे।