कल शहर में 8.30 घंटे रहेगी नो इंट्री
जमशेदपुर - गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रविवार को सुबह छह बजे से दोपहर 2.30 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ट्रैफिक डीएसपी राकेश मोहन सिन्हा ने बताया कि इस दौरान शहर में आने वाले तथा शहर से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। इसके अलावा गोपाल मैदान में जब तक मुख्य समारोह चलेगा, तब तक खरकई लिंक रोड और बिष्टुपुर से कदमा की ओर से जाने वाली सड़क पर सामान्य वाहनों का भी परिचालन बंद रहेगा।
रेलवे में हाई अलर्ट : गणतंत्र दिवस पर रेलवे की ओर से रेल सुरक्षा बल को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है। आरपीएफ कमांडेंट एके चौरसिया ने रेल की सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी जांच का आदेश दिया है। ट्रेनों में आरपीएफ जवानों को एस्कॉर्ट करने का निर्देश जारी किया गया है।