गोविंदपुर के मेडिकल कैंप में मारपीट
जमशेदपुर - गोविंदपुर सामुदायिक विकास मैदान में टाटा पावर की ओर से प्रोजेक्ट आरोग्य के अंतर्गत शुक्रवार को होमियोपैथिक मेडिकल कैंप लगाया गया। इसमें कंपनी के अधिकारी वरुण कुमार और छोटा गोविंदपुर पश्चिमी पंचायत की प्रभारी मुखिया कांता देवी के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान लोगों ने कैंप में तोडफ़ोड़ भी की। घटना की जानकारी मिलने पर गोविंदपुर थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना सुबह 11 बजे की है। इस दौरान करीब घंटाभर हंगामा होता रहा। इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी मुखिया कांता देवी ने टाटा पावर के अधिकारी वरुण कुमार के खिलाफ मारपीट, छेडख़ानी और पर्स से 2000 रुपए छिनतई की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, वरुण कुमार ने प्रभारी मुखिया कांता देवी, उनके पति सुनील कुमार समेत 3-4 अन्य के खिलाफ मारपीट और तोडफ़ोड़ की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मौके पर टाटा पावर सीएसआर विभाग के हेड सुजीत सेन, राजेश सिन्हा, सुरक्षा विभाग के संजय चौधरी भी मौजूद थे। इस संबंध में छोटा गोविंदपुर पश्चिमी पंचायत की प्रभारी मुखिया कांता देवी ने बताया कि टाटा पावर के सुजीत सेन को भी पत्र दिया था। इसके अलावा रामपुर में 12 लाइट लगाने की मांग कंपनी प्रबंधन से की थी। 21 जनवरी को वरुण कुमार ने फोन पर धमकी दी। इसी संबंध में बस्तीवासियों के साथ मेडिकल कैंप में बात करने गए थे। इस दौरान वरुण कुमार ने छेडख़ानी और मारपीट की।
>>टाटा पावर के अधिकारी पर छेडख़ानी की प्राथमिकी