प्रदर्शनी में दिखा हिंदी का इतिहास
जमशेदपुर. काशीडीह हाई स्कूल में शनिवार को वार्षिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदी से संबंधित मॉडल भी देखने को मिले। प्रदर्शनी का उद्घाटन जुस्को के एमडी आशीष माथुर, रुचि नरेंद्रन व जुस्को के जीएम ऋतुराज सिन्हा ने किया। वार्षिक प्रदर्शनी में हिंदी का इतिहास व उसके विकास काल को काफी बेहतर तरीके से प्रदर्शित किया गया था। लोगों ने हिंदी के विकास में भारतीय सिनेमा के योगदान को भी जाना। वहीं, वैल्यू मैनेजमेंट के प्रदर्शन में बेकार पड़ी वस्तुओं को उपयोग में लाने के उपाय बताए गए। जीव विज्ञान, रसायनशास्त्र, भौतिक विज्ञान, भूगोल विषय से संबंधित मॉडल भी विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए। वहीं, इतिहास विषय के मॉडल के माध्यम से विश्व के इतिहास से लोगों को रूबरू कराया गया। मौके पर रुचि नरेंद्रन ने कला, संस्कृति व विभिन्न राज्यों पर आधारित मॉडल की सराहना की। वहीं, आशीष माथुर ने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। मौके पर स्कूल के प्राचार्य फ्रांसिस जोसेफ, शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित थे।