- Hindi News
- पांच हजार मूलमंत्रों के जाप के साथ हुई पूजा
पांच हजार मूलमंत्रों के जाप के साथ हुई पूजा
भास्कर न्यूज. जमशेदपुर
खरकई लिंक रोड, बिष्टुपुर स्थित उत्तरा साबरीमलाई धर्म सास्था मंदिर में आयोजित 66वें सास्था प्रीति महोत्सव ‘कौमारम’ के तीसरे दिन शनिवार को भी अनेक धार्मिक अनुष्ठान हुए। अनुष्ठान की शुरुआत सुबह 5.30 बजे महागणपति होमम् के साथ हुई।
सुबह सात बजे तमिलनाडु स्थित तिरुचेंदूर, विजयवाड़ा, दिल्ली व मुंबई से आए 25 पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 16 कलश की स्थापना की गई। इस दौरान पांच हजार मूलमंत्रों के जाप के साथ भगवान सुब्रह्मण्यम कौमारम की विशेष पूजा-अर्चना की गई। वहीं, मंदिर परिसर में मंत्रों के जाप के बीच हवन भी किया गया। हवन के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। पहले सत्र का समापन दोपहर एक बजे भक्तों के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ। वहीं, महोत्सव के दूसरे सत्र की शुरुआत शाम छह बजे सत्यनारायण पूजा के साथ हुई, जिसे पुरोहितों ने विधिपूर्वक संपन्न कराया। इसके साथ महादीप आराधना, रुद्र करमाचना व वेद परायण पाठ किया गया। दीप आराधना में सौ के अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा की गई। रविवार को महागणपति होमम् व कौमारम होगा। अनुष्ठान को सफल बनाने में केवी गणेशन, पीएन शंकरन, राधाकृष्णन नैय्यर, ए गोपाल, पीए विश्वनाथन, सीएस कृष्णन, केएस जयारमन आदि योगदान दे रहे हैं।
धर्म सास्था मंदिर में प्रीति महोत्सव का आयोजन