प्रभु के नाम का करें स्मरण : महाराज
जमशेदपुर. जो कृष्ण नाम का स्मरण करता है, वह सभी प्रकार की मोह-माया व विकृतियों से दूर रहता है। प्रभु के नाम में इतनी शक्ति है कि इसके स्मरण मात्र से ही जीव का कल्याण हो जाता है। यह बातें इस्कॉन संस्था की ओर से साकची स्थित जैन भवन में आयोजित दो दिवसीय हेमंत उत्सव के दौरान मायापुर पश्चिम बंगाल से आए कथावाचक पुरुषोत्तम महाराज ने कहीं। उन्होंने कहा कि प्रभु के नाम के स्मरण का कोई समय निर्धारित नहीं है। भक्त को जब भी मौका मिले वह कृष्ण नाम का स्मरण कर सकता है। महोत्सव की शुरुआत नगर कीर्तन के साथ हुई, जो जैन भवन से निकल कर साकची के विभिन्न इलाकों से होते हुए पुन: आयोजन स्थल पर पहुंची। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। इस दौरान भजन-कीर्तन भी किया गया, जिसकी धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। महोत्सव में विदेशी भक्त भी शामिल हुए, जिनका स्वागत संस्था के सदस्यों ने फूल-माला पहनाकर किया। महोत्सव का समापन रविवार को होगा। इस दौरान गोविंदपुर स्थित दुर्गा पूजा मैदान में कथा होगी। अनुष्ठान को सफल बनाने में रामगोविंद दास, द्वारका बलराम दास, सुमंगल निमाई, नवीन कुमार अग्रवाल आदि योगदान दे रहे हैं।