धर्म सास्था मंदिर में पूजे गए रुद्रदेव
जमशेदपुर - बिष्टुपुर स्थित श्री धर्म सास्था मंदिर में चल रहे 65वें सास्था प्रीति महोत्सव में सोमवार को अनेक धार्मिक अनुष्ठान हुए। समारोह के चौथे दिन का मुख्य आकर्षण रुद्र पूजा थी। अनुष्ठान की शुरुआत सुबह 5.30 बजे महा गणपति होमम् के साथ हुई। सोमवर को हवन में घी, पीपल की लकड़ी, गुड़, चूड़ा, खोई, मखाना, चना, ताल मिश्री, लड्डू, काला तिल व सफेद तिल डाला गया। अनुष्ठान के दौरान भगवान गणेश, अयप्पा और कार्तिक का अभिषेक किया गया। इसके बाद मंदिर में स्थापित 23 देवी-देवताओं की पूजा की गई। पांच बार भगवान के मूलमंत्र का जाप किया गया। शाम में महारुद्र कर्मार्चना व वेद परायण, नव ग्रह पूजन, लक्ष्मी पूजा, कुमकुम अर्चना की गई। दक्षिण भारत से आए पुराहितों द्वारा अनुष्ठान कराया गया। अनुष्ठान को सफल बनाने में पीएन शंकरन, एनके स्वामी आदि योगदान दे रहे हैं।