कीचड़ से सनी सड़क पर चलते हैं राहगीर
 जमशेदपुर
मानगो सुवर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी में लगी पानी टंकी की स्थिति बदतर हो गई है। टंकी से लगातार पानी बह रहा है। इस कारण सड़क पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। कीचड़ से सनी सड़क पर राहगीर चलने के लिए मजबूर हैं। कॉलोनी वासियों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। 20 फीट चौड़ी सड़क से दो पहिया वाहनों को पार करने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है इस रास्ते से आने-जाने में डर लगता है, क्योंकि रोजाना कोई न कोई व्यक्ति फिसलकर गिर जाता है। रमेश कुमार ने बताया कि दो पहिया वाहनों के स्किट करने की आशंका रहती है। दिन में तो लोग किसी तरह सड़क से आना-जाना कर लेते हैं, लेकिन रात के वक्त अंधेरा के कारण काफी परेशानी होती है। समस्या से निजात दिलाने के लिए मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति से शिकायत की गई, लेकिन अब तक मरम्मत के नाम कार्रवाई नहीं की गई।