बागबेड़ा में घायल अवस्था में मिली युवती
जमशेदपुर - बागबेड़ा रोड नंबर-6 स्थित राजेंद्र विद्यालय भवन में सोमवार को एक युवती खून से लथपथ अचेत अवस्था में पाई गई। युवती को देख लोगों ने बागबेड़ा थाना की पुलिस को सूचित किया। लोगों ने आशंका जताई कि युवती से दुष्कर्म के बाद अपराधियों ने हत्या करने की नीयत से ईंट व बोतल से उस पर हमला किया। घटनास्थल पहुंची पुलिस टीम युवती को एमजीएम अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया। बागबेड़ा थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि युवती की पहचान नहीं हो सकी है। वह कुछ नहीं बता पा रही है। पुलिस युवती के बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।