कैंसर से पीडि़त नर्स को मिला फ्लैट
जमशेदपुर - टाटा स्टील की हाउस एलॉटमेंट कमेटी ((एचएसी)) की सोमवार को जेनरल ऑफिस में बैठक हुई। इसमें टाटा स्टील के उपाध्यक्ष ((एचआरएम)) सुरेश दत्त त्रिपाठी, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पीएन सिंह और बीके डिंडा शामिल हुए। बैठक में तेरह लोगों के आवेदन पर सकारात्मक फैसला लिया गया। टीएमएच की नर्स गीता रानी त्रिपाठी को कैंसर हो गया है, वे नर्स हॉस्टल में रहती हैं। उन्होंने फ्लैट के लिए आवेदन दिया था। उन्हें बेल्डीह लेक के नजदीक 73 नंबर फ्लैट देने का निर्णय लिया गया। एचएसी की बैठक में कमेटी मेंबर हरिशचंद्र महतो, वंशीधर मुंडा, मुमताज अहमद एवं मोहम्मद नियाज के आवेदन पर विचार करते हुए उन्हें क्वार्टर देने पर सहमति बनी। धर्मेंद्र नाथ सिंह के पिता 1998 में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। उनके पिता ने तीन माह 28 दिन के बाद क्वार्टर खाली किया था। नियमत: सेवानिवृत्ति के तीन महीने के भीतर क्वार्टर खाली नहीं करने पर उनके पुत्र को पिता का प्वाइंट नहीं मिलता है। उन्हें पिता के 12 प्वाइंट देने का फैसला लिया गया।