साकची में जपुजी साहिब का पाठ
भास्कर न्यूज - जमशेदपुर
साकची गुरुद्वारा में चल रहे जपुजी साहिब के पाठ का मंगलवार को चौथा दिन था। सुबह आठ बजे से सिख स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं ने जपुजी साहिब का पाठ किया। बुधवार को पांच दिवसीय पाठ का समापन होगा।
जपुजी साहिब के पाठ का आयोजन आगामी 31 जनवरी से साकची गुरुद्वारा मैदान में लगने वाले तीन दिवसीय 36वें धार्मिक समागम को सफल बनाने के लिए किया गया। बीर खालसा दल इसकी तैयारी में जुटा हुआ है। बुधवार की सुबह 9.30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब रखा जाएगा, जिसका भोग 31 जनवरी की सुबह 8.30 बजे पड़ेगा। उसके बाद साकची गुरुद्वारा से शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो गुरुद्वारा मैदान में सजे हुए पंडाल तक पहुंचेगी। इसके बाद कीर्तन दरबार शुरू होगा। तीन दिवसीय कीर्तन दरबार में संगत को गुरमत विचार एवं गुरवाणी-कीर्तन से निहाल करने पंथ प्रसिद्ध कीर्तनीये और प्रचारक शहर पहुंच रहे हैं। इनमें शाहबाद मारकंडे वाले ज्ञानी साहिब सिंहजी गुरमत विचार से संगत को जोड़ेंगे। इनके अलावा भाई साहिब भाई रवींदर सिंह व भाई साहिब भाई करनैल सिंह जी हजूरी रागी जत्था दरबार साहिब संगत को गुरवाणी-कीर्तन से निहाल करेंगे। इनके अलावा भाई हरिंदर सिंह, गुरदीप सिंह हजूरी रागी साकची गुरुद्वारा भी संगत को गुरु चरणों से जोड़ेंगे।
ये कर रहे सहयोग : अध्यक्ष रवींदर सिंह भाटिया, श्याम सिंह भाटिया, चरणजीत सिंह, हरबीर सिंह, सरबजीत सिंह, राज सिंह, परमजीत सिंह काले आदि।
बीर खालसा दल के बैनर तले विशेष कीर्तन दरबार 31 जनवरी से
सिख स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं ने किया कीर्तन, समापन आज