- Hindi News
- केंद्रीय टीम ने जिले के विकास का लिया जायजा
केंद्रीय टीम ने जिले के विकास का लिया जायजा
जमशेदपुर - केंद्रीय ग्रामीण मंत्रालय की टीम ने मंगलवार को जिले में विकास कार्यों का जायजा लिया। टीम का नेतृत्व ग्रामीण मंत्रालय के निदेशक धीरज ककारिया कर रहे थे। उन्होंने डीसी ऑफिस में दो दौर की बैठक की। सुबह नौ बजे से हुई बैठक में डीसी डॉ अमिताभ कौशल ने निदेशक को मनरेगा, इंदिरा आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, एनआरएलएम योजनाओं की जानकारी दी। डीसी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की स्थिति अच्छी नहीं है। ग्रामीण विकास मंत्रालय गैर इंजीनियर से सड़कों की जांच करने का प्रावधान लागू करे। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी जांच करेंगे। इस पर निदेशक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। निदेशक और उनकी टीम ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घाटशिला के हेदलजुड़ी में राजीव गांधी भवन, इंदिरा आवास, मनरेगा और दूसरी योजनाओं का निरीक्षण किया।
निदेशक धीरज ककारिया ने डीसी ऑफिस में पत्रकारों से कहा कि जिले में प्रशासन और लाभुकों के बीच बेहतर तालमेल है। बैंक और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की कमी के बावजूद सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों के बीच जनवरी तक के पेंशन का भुगतान किया जा चुका है। टीम में ये थे शामिल : निदेशक गोवर्धन लाल, अवर सचिव भीम प्रकाश, राजेश मक्कड़, डीसी डॉ अमिताभ कौशल, डीडीसी अजीत शंकर, आईएएस प्रोबेशनर डॉ नेहा अरोड़ा, डीआरडीए के निदेशक मनोज कुमार आदि।