यूके में मिलेगी 10 करोड़ की स्कॉलरशिप
जमशेदपुर - ब्रिटिश काउंसिल की ओर से मंगलवार को जमशेदपुर में ग्रेट एजुकेशन कैंपेन की लांचिंग की गई। एक होटल में ब्रिटिश काउंसिल ((पूर्वी क्षेत्र)) की निदेशक सुजाता सेन ने इसकी लाचिंग की। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि यूके ((ग्रेट ब्रिटेन)) की विभिन्न यूनिवर्सिटी में 30 हजार भारतीय छात्र पढ़ाई करते हैं। यूके के दस विश्वविद्यालयों ने भारतीय छात्रों के लिए 10 करोड़ रुपए की स्कॉलरशिप देने की घोषणा की है। जो यूके के विश्वविद्यालयों में यूजी और पीजी की पढ़ाई करना चाहते हैं, वे इस स्कॉलरशिप का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कैंपेन के बारे में जमशेदपुर के छात्रों को जानकारी देने के लिए 29 जनवरी को शाम 4 से 6 बजे के बीच होटल सेंटर प्वाइंट में एजुकेशन सेमिनार का आयोजन किया गया है। इसमें छात्रों को ब्रिटिश विश्वविद्यालयों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही वीजा प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा। इस अवसर पर छात्रों को स्कॉलरशिप गाइड दी जाएगी ताकि वे वहां के विश्वविद्यालयों की स्कॉलरशिप के बारे में जान सकें। संवाददाता सम्मेलन में ब्रिटिश काउंसिल के स्कूल मैनेजर इन्द्रनील उपस्थित थे।