- Hindi News
- मौनी अमावस्या आज, ग्रह नक्षत्रों का दिखेगा संगम
मौनी अमावस्या आज, ग्रह-नक्षत्रों का दिखेगा संगम
भास्कर न्यूज - जमशेदपुर
30 जनवरी को मौनी अमावस्या है। इस दिन स्नान दान का विशेष महत्व है, लेकिन इस बार यह एक और वजह से भी खास है। यह वजह है मौनी अमावस्या पर अंतरिक्ष में घटने वाली खगोलीय घटना। ज्योतिषियों की मानें, तो इस बार अमावस्या पर तमाम ग्रह-नक्षत्रों का संगम देखने को मिलेगा। यह इसे खास बनाएगा और तीर्थराज प्रयाग ((इलाहाबाद)) के संगम में मौनी अमावस्या पर डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं के पुण्य का कारक बनेगा। वर्षों बाद ऐसा दुर्लभ संयोग बन रहा है। जब न्याय एवं धर्म के प्रतीक शनिदेव स्वयं भक्तों की मुराद पूरी करेंगे। इसमें न सिर्फ संगम, बल्कि किसी भी पवित्र नदी में सच्चे हृदय से स्नान-दान करने वाले श्रद्धालु को मनचाहे फल की प्राप्ति होगी।
ज्योतिषाचार्य रमेशचंद उपाध्याय शास्त्री के अनुसार, मकर राशि में सूर्य व चंद्रमा के प्रवेश करने से गुरुवार ((30 जनवरी)) की सुबह 6.03 बजे से अमावस्या लग जाएगी, जो शुक्रवार की सुबह 3.40 बजे तक रहेगी। इस वर्ष अमावस्या इसलिए भी फलदायी है, क्योंकि मकर राशि के स्वामी शनि अपनी उच्च राशि तुला से संचार कर भक्तों को अमृत की प्राप्ति कराएंगे। सिद्धि नामक योग व उत्तराषाढ़ नक्षत्र इसके महत्व को बल प्रदान कर रहा है। इसके बाद ऐसा दुर्लभ संयोग 2054 में बनेगा। शनि के प्रभाव से चिंतन, मनन, अध्ययन, खोज व धार्मिक कार्यों को प्रबलता मिलेगी।