लंदन की टीचर को भाया भारतीय व्यंजन
 जमशेदपुर
भारतीय संस्कृति में जादू है। विभिन्न भाषा व धर्म और जाति के लोग एकता का संदेश देते हैं। यह बातें लंदन मूल की शिक्षिका कार्ल जांस ने बुधवार को कहीं। मौका था सोनारी कारमेल जूनियर कॉलेज में ब्रिटिश काउंसिल कनेक्टिंग क्लासरूम प्रोग्राम का। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं व अभिभावकों द्वारा आठ राज्यों की विविध संस्कृति की प्रस्तुति दी गई। इसमें बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, कश्मीर, राजस्थान, पंजाब, गुजरात व आंध्रप्रदेश की झांकी दिखी। मुख्य अतिथि कार्ल जांस ने भारतीय संस्कृति की खूब तारीफ कीं। कार्ल जांस 26 जनवरी से कारमेल जूनियर कॉलेज के दौरे पर आई हैं। बुधवार को स्कूल परिसर में भारतीय व्यंजन के स्टॉल लगाए गए थे। इस दौरान उन्होंने खूब चाव से व्यंजन का स्वाद चखा। गुजराती व्यंजन ढोकले और बिहार का प्रसिद्ध लिट्टी चोखा का मजा लिया। जांस गुरुवार को स्कूली बच्चों से मिलेंगी।