- Hindi News
- 10 दिनों में प्रशिक्षुओं को करें स्थायी : ददई
10 दिनों में प्रशिक्षुओं को करें स्थायी : ददई
भास्कर न्यूज - जमशेदपुर
टाटा कमिंस के प्रशिक्षुओं के स्थायीकरण मामले पर बुधवार को श्रम मंत्री ददई दुबे की अध्यक्षता में प्रबंधन के साथ रांची में बैठक हुई। इसमें प्रशिक्षु कर्मचारी और प्रबंधन की ओर से एचआर प्रमुख के कौशलेन्द्र शामिल हुए। श्रम मंत्री दर्द दुबे ने टाटा कमिंस प्रबंधन को 10 दिनों में प्रशिक्षुओं को स्थायी करने का आदेश दिया है। यह बातें प्रशिक्षुओं का नेतृत्व कर रहे मुन्ना पांडेय ने कही।
उल्लेखनीय है कि श्रम मंत्री ने दो माह पहले प्रशिक्षुओं को स्थायी करने का मौखिक आदेश दिया था। यह अवधि पूरी हो चुकी है। प्रशिक्षुओं ने टाटा कमिंस की दूसरी इकाई में स्थायीकरण करने के विरोध में दो माह से अधिक आमरण अनशन किया था। प्रबंधन का कहना है कि जमशेदपुर इकाई में प्रशिक्षुओं को स्थायी करना संभव नहीं है। 20 से अधिक प्रशिक्षु दूसरी इकाइयों में पहले ही ज्वाइन कर चुके हैं।
आर्थिक सुस्ती के दौर में स्थायी करना मुश्किल
आर्थिक सुस्ती के इस दौर में मंत्री के आदेश को हकीकत बनाना मुश्किल है। टाटा कमिंस के एक वरीय अधिकारी के अनुसार, जब तक टाटा मोटर्स की आर्थिक सेहत नहीं सुधरेगी, तब तक स्थायीकरण करना मुश्किल है। कंपनी प्रतिमाह घाटे में जा रही है।
नौकरी से निकालने की धमकी गलत
टाटा कमिंस के अधिकारी ने कहा कि नौकरी से निकालने की धमकी नहीं दी गई है। यह बात पूरी तरह गलत है। कंपनी का अपना वैल्यू सिस्टम है। कंपनी उस वैल्यू के आधार पर चलती है।