स्कूल देखने जा रहे युवक की मौत, दो घायल
भास्कर संवाददाता - रांची
रांची खूंटी मार्ग पर बोलेरो की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार रॉबोट की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी टुनू और सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार तीनों युवक तुपुदाना स्थित सफायर इंटरनेशनल स्कूल देखने जा रहे थे। तुपुदाना पुलिस ने बताया कि बोलेरो की गति काफी तेज थी। बोलेरो में मरीज सवार था। उसे रांची के किसी अस्पताल में भर्ती किया जाना था। पुलिस ने बोलेरो और बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल देखने से लगता है कि बोलेरो के चालक ने बाइक सवार को बचाने की कोशिश की थी। टक्कर होने के बाद बोलेरो भी पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेज दिया।