पार्क में छात्राओं के साथ मारपीट
भास्कर संवाददाता - रांची
रांची कॉलेज के यूजी हॉस्टल के छात्रों ने चंदा नहीं देने पर गुरुवार को पांच छात्राओं और दो छात्रों की जमकर पिटाई कर दी। ये स्टूडेंट्स कंप्यूटर का ऑनलाइन प्रशिक्षण देनेवाली संस्था ईबिज से जुड़े हैं। मारपीट की घटना गुरुवार दोपहर मोरहाबादी मैदान स्थित रामदयाल मुंडा पार्क में हुई। घटना के बाद ईबिज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं लालपुर थाना पहुंचे और हंगामा करने लगे। थानेदार ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब छात्र शांत हुए।
पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन भी की, पर वहां कुछ नहीं मिला। ईबिज के छात्रों ने बताया कि वे पार्क में बैठकर 26 जनवरी को होने वाले ब्लड डोनेशन प्रोग्राम पर चर्चा कर रहे थे। इसी बीच हॉस्टल के रिंकू शाही समेत 20 युवक वहां पहुंचे। उन्होंने सरस्वती पूजा के लिए पांच हजार रुपए चंदा की रसीद थमा दी। ईबिज के छात्र पांच सौ रुपए देने को तैयार थे। लेकिन, उन्होंने पूरे पैसे मांगते हुए अविनाश एक्का को पकड़ पीट दिया। उसके साथी पूनम, चैताली दास, सत्य परिणिता, किरण, भागवत और कामेश साहू ने रोका, तो उन्हें भी पीटा।