- Hindi News
- छात्राओं की पीड़ा पर सरकारी विवशता का मरहम
छात्राओं की पीड़ा पर सरकारी विवशता का मरहम
भास्कर संवाददाता - रांची
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आदिम जनजाति की छात्राओं ने शुक्रवार को अपनी पीड़ा बयां की। कहा कि राज्य सरकार ने घोषणा कर रखी है कि स्नातक कर चुके युवाओं की सीधी नियुक्ति की जाएगी। मगर यह सब सिर्फ घोषणाओं में ही सिमट कर रह गया है। आज आदिम जनजाति के कई ऐसे युवा हैं, जो स्नातक और स्नातकोत्तर करने के बाद भी बेरोजगार हैं। इधर, आदिवासी कल्याण आयुक्त राजेश शर्मा ने अपनी विवशता बताई। कहा, सिर्फ सरकारी स्तर पर आदिम जनजातियों का विकास नहीं हो सकता। इसके लिए उन्हें सही फोरम पर अपनी आवाज उठानी होगी। आदिवासी जनजातियों के लिए जो बजट मिलता है, उसमें से 60 फीसदी राशि छात्रवृत्ति पर ही खर्च हो जाती है। विकास के लिए बहुत ही कम बजट है।
ये बातें मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित परिचर्चा में सामने आईं। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर रांची विश्वविद्यालय के मानव विज्ञान विभाग और विकास भारती बिशुनपुर की ओर से पहाड़ों की बेटियों को सम्मान व परिचर्चा का आयोजन किया गया था।
राष्ट्रीय बालिका दिवस - छात्राओं ने कहा, सिर्फ घोषणाओं में ही रह गया आदिम जनजातियों को सीधी नियुक्ति का मामला
बच्चियों ने किया नाटक का मंचन
कार्यक्रम में ज्ञान निकेतन की बच्चियों ने शिक्षा पर आधारित नाटक हम पढ़ेंगे, आगे बढ़ेंगे का मंचन किया। मौके पर विकास भारती के सचिव अशोक भगत, डॉ. करमा उरांव, अविनाश चंद्र मिश्रा, गणेश रेड्डी, मानव विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन राय, आईएमए के डॉ. अजय सिंह सहित काफी संख्या में स्टूडेंट्स उपस्थित थे।
रेजा का काम कर किया बीए : बसंती
लातेहार की बिरजिया समुदाय की आदिम जनजाति की छात्रा बसंती तेरला ने कहा कि उन्होंने रेजा का काम कर बीए किया। फिर स्कॉलरशिप की राशि से एमए किया। पैसे के लिए कॉलेज के हॉस्टल में झाड़ू भी लगाई। मगर आज तक सरकारी नौकरी नहीं मिली। असुर जनजाति की सन्यो कुमारी ने कहा कि उन्होंने काफी मुश्किल हालात में बीए किया है। वे आगे भी पढऩा चाहती हैं। लेकिन उनके पास संसाधन नहीं है।
इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में आदिम जनजाति की सात छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें कोरबा जनजाति की सुशीला कुमारी, माल पहाडिय़ा जनजाति की पिंकी पहाडिऩ, अंकिता पहाड़ी, असुर जनजाति की सन्यो असुर, बिरजिया जनजाति की बसंती तेरला, पहडिय़ा जनजाति की अनिमा कुमारी, बिरजिया जनजाति की पूनम तेरला शामिल हैं।